झगड़े में घायल व्यक्ति ने दम तोड़ा
सिरसा। सांडों के झगड़े में घायल हुए शहर के प्रेम नगर निवासी एक व्यक्ति ने देर रात्रि को शहर के एक निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। सुबह परिजनों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में पहुंचाया। जानकारी के अनुसार प्रेम नगर निवासी करीब 43 वर्षीय राजेश पुत्र चंद्रप्रकाश मजदूरी करता था। 14 अगस्त को वह बाइक पर रानियां बाईपास से घर लौट रहा था। इसी दौरान सिविल अस्पताल के निकट लावारिस सांडों की लड़ाई की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे पहले सिरसा अस्पताल में पहुंचाया। जहां से उसे हिसार रैफर कर दिया। हिसार में आप्रेशन के बाद उसे सिरसा वापस निजी अस्पताल में लाया गया। जहां देर रात्रि उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने परिजनों के बयानों के आधार पर शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया।