बैठक में संघ ने किया प्राइवेट परमिटों का विरोध
यमुनानगर। हरियाणा परिवहन कर्मचारी संघ के यमुनानगर डिपो की कार्यकारिणी बैठक डिपो प्रधान संजीव कांबोज की अध्यक्षता में बस स्टैंड स्थित संघ कार्यालय में हुई। इसमें सभी पदाधिकारियों व कर्मचारियों ने प्राइवेट परमिटों का विरोध किया। संघ के प्रदेश मुख्य सलाहकार रोशन लाल शर्मा ने कहा कि अपनी प्राइवेट बसों के मालिकों ने तीन दिन पहले बसे बंद रख्ी। इसका लाभ हरियाणा रोडवेज को हुआ और यमुनानगर डिपो की आमदनी पांच लाख रुपये प्रतिदिन बढ़ी। उत्तरप्रदेश व दिल्ली जैसे प्रदेश जहां प्राइवेट बसे ज्यादा संख्या में होती थी, वहां सभी प्राइवेट बसे बंद हैं। जितने भी जघन्य अपराध हुए है, वह भी प्राइवेट बसों में ही हुए हैं, इसलिए हरियाणा में भी प्राइवेट बसे बंद होनी चाहिए। साथ ही सरकारी बसों की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए। डिपो सचिव करनैल सिंह ने कहा कि ठेके पर कार्य कर रहे चालकों को लंबित वेतन शीघ्र देना चाहिए। बैठक में संघ के मुख्य सलाहकार श्रीनिवास शर्मा, सलाहकार मुलख राज, वरिष्ठ उप प्रधान प्रीतपाल सिंह, उप प्रधान लाभ सिंह, सुभाष शर्मा, सुरेश कांबोज, सचिव करनैल सिंह, सह सचिव रामनाथ, संगठन सचिव यशपाल त्यागी, कैशियर बृजपाल मौजूद रहे।