भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार रोहतक लोकसभा क्षेत्र के 85 वर्ष व इससे अधिक आयु और दिव्यांग मतदाता पोस्टल बैलेट पेपर के माध्यम से अपने घर बैठकर ही मतदान कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें बैलेट पेपर की सुविधा घर पर ही उपलब्ध कराई जा रही है। जिन बुजुर्ग व दिव्यांग मतदाताओं ने संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों के माध्यम से सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को फॉर्म 12 डी के माध्यम से अपनी सहमति घर बैठे ही मतदान की सुविधा लेने के लिए दी है, उन्हें 17 से 20 मई तक घर-घर जाकर बैलेट पेपर के माध्यम से मतदान कराया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त अजय कुमार ने बताया कि रोहतक लोकसभा क्षेत्र में ऐसे 803 मतदाताओं ने अपने वोट घर से ही डालने के लिए आवेदन किया है। चुनाव ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी इसके लिए घर-घर जाकर इन सभी मतदाताओं से संपर्क करके उनका वोट बैलेट पेपर से डलवाएंगे। इसके लिए शेड्यूल बना लिया गया है। इसके तहत 17 से 19 मई को कोसली विधानसभा क्षेत्र के बुजुर्ग व विकलांग मतदाताओं का मत डलवाया जाएगा। रोहतक व झज्झर के मतदाताओं के लिए 18 व 20 मई को मतदाताओं का वोट डलवाया जाएगा। रोहतक में कुल 239, झज्जर में 111 व कोसली विधानसभा क्षेत्र में 453 मतदाता हैं। संबंधित एआरओ ने रूट चार्ट बना लिया है।