रोहतक। गौड़ ब्राह्मण डिग्री कॉलेज में सात दिवसीय एनएसएस शिविर के दौरान चौथे दिन बुधवार को स्वैच्छिक रक्तदान और मतदाता जागरूकता हस्ताक्षर अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन कार्यक्रम के मुख्यातिथि सीएमओ डॉ. अनिल बिड़ला, कॉलेज प्राचार्य डॉ. जयपाल शर्मा, डिप्टी सीएमओ डॉ. अनिल पाल ने किया। डॉ. अनिल बिड़ला ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों को प्रतिमाह दो से तीन यूनिट ब्लड की जरूरत होती है, जिसकी पूर्ति स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों में रक्तदान और नियमित स्वैच्छिक रक्तदाता रक्तदान कर करते हैं। ब्लड बैंक की ओर से रक्त उपलब्ध कराया जाता है। रक्तदान से शरीर में कमजोरी नहीं आती है। इसी के साथ अंगदान के लिए भी प्रेरित किया। 79 लोगों के ब्लड ग्रुप और एचबी की जांच की गई। शिविर में रक्तदान करने वालों को सम्मानित पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा जिला चुनाव कार्यालय से ईवीएम प्रशिक्षक सोनू मालिक व बिजेंद्र सिंह ने मतदाता जागरूकता पर व्याख्यान दिया।