झज्जर। जिले में मौसम में बदलाव होने के कारण से डेंगू के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। अभी तक जिले में 74 डेंगू के मरीज मिल चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार एंटी लारवा एक्टिविटी चला रहा है ताकि डेंगू के मरीजों की संख्या को समय रहते बढ़ने से रोका जा सके। दिन में तेज धूप निकल रही है और रात में तापमान में गिरावट देखने को मिल रही हैं। इस तापमान में डेंगू का मच्छर ज्यादा एक्टिव रहता है। राहत यह है कि कोई भी डेंगू मरीज फिलहाल अस्पताल में दाखिल नहीं है। जिले में अभी तक लगभग 2920 मरीजों के टेस्ट किए जा चुके हैं और लगभग 21019 लोगों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। वहीं जिले में मलेरिया के 30 मामले आए हैं। जहां पर डेंगू या मलेरिया के मरीज मिल रहे हैं, वहां पर स्वास्थ्य विभाग की टीम आसपास के घराें में फॉगिंग करवा रही है।