एनकाउंटर की सीबीआई जांच की मांग, बहु अकबरपुर में होगी पंचायत
ग्रामीणों ने लिया निर्णय, पीएम और राष्ट्रपति को भी भेजेंगे पत्र
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। दिल्ली में मारे गए संजीत बिदरो को लेकर बहु अकबरपुर के ग्रामीणों में आक्रोश है। उनका कहना है कि एनकाउंटर नहीं संजीत की हत्या की गई है। इसको लेकर गांव में एक सप्ताह में ग्रामीण पंचायत करेंगे। पंचायत में आगे की रणनीति तैयार की जाएगी। ग्रामीणों का कहना है कि संजीत ने कभी भी गांव या फिर आसपास क्षेत्र में कोई वारदात को अंजाम नहीं दिया। इसके बावजूद पुलिस ने उस पर झूठे मुकदमे दर्ज किए। आरोप है कि घटना वाले दिन दिल्ली पुलिस के कुछ कर्मी संजीत के घर आए थे और परिजनों से जबरदस्ती कागज पर हस्ताक्षर करा रहे थे। मगर परिजनों ने हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया था। इसके करीब चार से पांच घंटे बाद ही दिल्ली में एनकाउंटर में संजीत को मार गिराने का दावा किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि संजीत की हत्या की गई है। ग्रामीणों ने बताया कि मामले की सीबीआई जांच होनी चाहिए। इसको लेकर गांव में एक सप्ताह में पंचायत की जाएगी। पंचायत में आगे की रणनीति तैयार की जाएगी। संजीत की मौसी का कहना है कि मामले की सीबीआई जांच की मांग को लेकर राष्ट्रपति व पीएम को पत्र भेजेंगे।