हरियाणा प्राइवेट स्कूल संघ ने यमुनानगर घटना पर जताई चिंता
रोहतक। हरियाणा प्राइवेट स्कूल संघ ने यमुनानगर में स्कूल प्राचार्या की गोली मार कर हत्या की घटना पर चिंता जताई है। संघ ने सरकार से ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए शीघ्र सख्त नियम बनाने की अपील की है। स्कूलों में शिक्षकों की सुरक्षा के लिए नियम बनाए जाने की भी आवश्यकता जताई है। संघ के प्रदेशाध्यक्ष सत्यवान कुंडू, प्रांतीय सलाहकार रविंद्र नांदल ने कहा है कि वर्तमान में शिक्षक मानसिक तनाव में अध्यापक कार्य कर रहा है। अध्यापक बच्चों को अनुशासन या पढ़ानेे के लिए थोड़ी सी भी सख्ती करता है तो उसका दूसरा अर्थ निकालकर बच्चे, अभिभावक या प्रशासनिक अधिकारी उस अध्यापक को बाल संरक्षण आयोग, बाल सुरक्षा समिति की आड़ लेकर प्रताड़ित करना शुरू कर देते हैं। ऐसे में शिक्षक वर्ग भय के माहौल में जी रहा है। शिक्षकों को भी उनकी सुरक्षा या संरक्षण के लिए सरकार को अधिकार देने चाहिए। सरकार अध्यापकों की सुरक्षा के लिए शीघ्र ही सख्त नियम व कानून बनाए।