नशीला पदार्थ खिलाकर की लूटपाट, आरोपी गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। गोगामेड़ी से दर्शन कर लौट रहे एक परिवार को चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर लूटपाट के आरोपी को सादुलपुर जीआरपी ने गिरफ्तार किया है। मई माह में स्थानीय रेलवे स्टेशन पर परिवार के सदस्य बेहोश मिले थे, जिसके बाद यहां ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया था। आरोपी ने मई माह में ही एक युवक को भी लूट का शिकार बनाया था। आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के दादरी निवासी सुनील उर्फ बंटी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी से लूटे गए मोबाइल व जेवरात भी बरामद किए है। जीआरपी से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी सुनील ने चोरी किए गए मोबाइल में एक सिम डाली थी। उक्त नंबर से 14 से 17 जुलाई के बीच कई बार बात की। रेलवे पुलिस ने कॉल डिटेल निकलवाकर उन लोगों का पता लगाया जिनसे सुनील ने बातचीत की थी, जिनसे पूछताछ कर पुलिस आरोपी तक पहुंच गई।