अमर उजाला ब्यूरो
सरस्वती नगर। किम फ्यूचर विजन कंपनी में जमा कराई गई रकम न लौटाने पर गुस्साए निवेशकों ने सोमवार को कंपनी के कार्यालय पर ताला जड़ कर कंपनी के खिलाफ प्रदर्शन किया। कंपनी ने आरडी 12 प्रतिशत वार्षिक व एफ डी 6 साल 4 माह मे डबल करने की गारंटी देकर एजेंटों के माध्यम से जनता के लाखों रुपये जमा किए थे। कंपनी द्वारा पिछले एक वर्ष से जनता का पैसा नहीं लौटाये जाने से बड़ी संख्या में निवेशकों ने कंपनी कार्यालय पर इकट्ठा होकर कंपनी के टीएम व एमडी के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसके उपरांत शहीद उद्यम सिंह जागृति मंच द्वारा आयोजित सभा में कंपनी के खिलाफ प्रदर्शन की रणनीति बनाई गई। सभा की अध्यक्षता कर रहे ब्लाक प्रधान जरनैल सिंह ने कहा यह कंपनी लोगों का पैसा न लौटा कर लोगों से धोखा कर रही है। जागृति मंच के प्रदेशाध्यक्ष गुरमीत सिंह घुम्मन ने कहा कि मंगलवार को कंपनी के टीएम व एमडी का पुतला फुकेंगे। घुम्मन ने बताया कि पिछले पांच वर्ष में किम कंपनी ने अंबाला, यमुनानगर, करनाल और कुरूक्षेत्र जिलों से करीब 30 करोड़ जमा किए है। कंपनी द्वारा निवेशकों का पैसा ना लौटाने पर 17 मई को आईजी अंबाला को लिखित शिकायत की गई थी, जिसकी जांच थाना मुलाना में विचाराधीन है। उन्होंने कहा कि अगर कंपनी ने शीघ्र लोगों का पैसा ना लौटाया तो उनके हर कार्यालय पर ताला जड़ देंगे।
कंपनी द्वारा पैसे न लौटाने पर निवेशकों ने किया प्रदर्शन
-कंपनी के कार्यालय पर जड़ा ताला