रोहतक। मौसम में परिवर्तन के कारण वायरल के मरीजों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। पीजीआईएमएस हो या फिर नागरिक अस्पताल दोनों की बच्चों और मेडिसिन की ओपीडी में लंबी कतार लग रही है। पीजीआई में बच्चों और मेडिसिन की ओपीडी में 1000 से ज्यादा मरीज पहुंच रहे हैं। वहीं, नागरिक अस्पताल में भी बच्चों और जनरल ओपीडी में 500 के करीब मरीज पहुंच रहे हैं। मेडिसिन में 25 प्रतिशत और बच्चों की ओपीडी 60 प्रतिशत वायरल, बुखार, सर्दी, खांसी, जुकाम के मरीज पहुंच रहे हैं।
रविवार को साप्ताहिक अवकाश के बाद सोमवार को ओपीडी खुली। सुबह से ही नागरिक अस्पताल और पीजीआई में मरीजों की लंबी कतार लगी रही। कार्ड बनाने से लेकर औषधालय में मरीजों की लाइन लगी रही। पीजीआई में करीब 7000 और नागरिक अस्पताल में 1700 मरीजों की ओपीडी लगी।
बॉक्स
बदलते मौसम में रखें बच्चों का खास ख्याल : डॉ. पवन
नागरिक अस्पताल के जनरल फिजिशियन डॉ. पवन गोयल ने बताया कि ओपीडी में हर तरह के मरीज आ रहे हैं। चाहे वो डायबिटीज हो, हाइपरटेंशन हो या फिर वायरल बुखार। अभी एक चौथाई मरीज वायरल के आ रहे हैं। क्योंकि मौसम बदल रहा है। इसमें बच्चे, बूढ़े और जवान हर तरह के मरीज हैं। गुनगुना पानी पीएं। बच्चों को भी दें। यह बैक्टीरियल इंफेक्शन से बचाता है। साथ इससे रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है। बच्चों को खाने में फल और सब्जियां भी दें। एसी, कूलर से परहेज करें। अभी मौसम में सुबह-शाम ठंडक और दिन में गर्मी हो रही है। ऐसे में बुखार, खांसी, दस्त या जुकाम है तो बिना देरी करें चिकित्सक से परामर्श लें। बदलते मौसम में टाइफाइड का भी खतरा रहता है।
वर्जन
अवकाश के अगले दिन भीड़ रहती है, लेकिन मरीजों को इलाज में कोई समस्या नहीं हुई। प्रत्येक ओपीडी में विशेषज्ञ चिकित्सक मौजूद रहे। औषधालय में दवा की भी कोई कमी नहीं है।
-डॉ. पुष्पेंद्र, चिकित्सा अधीक्षक, नागरिक अस्पताल