रोहतक। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय की कॅरिअर काउंसिलिंग एवं प्लेसमेंट सेल (सीसीपीसी) के तत्वावधान में बुधवार को कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। गणित विभाग व कंप्यूटर साइंस एंड एप्लीकेशन विभाग की ओर से आयोजित तीन दिवसीय बूट कैंप के अंत में हुई कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में छह विद्यार्थियों का चयन आईटी ट्रेनर के पद हुआ है।
सीसीपीसी निदेशक प्रो. दिव्या मल्हान ने बताया कि कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में कारपोरेट कोड क्वोशंट ने दौरा किया। कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में गणित विभाग और कंप्यूटर साइंस एंड एप्लीकेशन विभाग के 80 विद्यार्थियों ने शिरकत की। ग्रुप डिसक्शन, एप्टीट्यूड टेस्ट, एचआर इंटरव्यू व वीडियो प्रेजेंटेशन चरणों के बाद गणित विभाग के तीन और कंप्यूटर साइंस एंड एप्लीकेशन विभाग से भी तीन विद्यार्थियों का चयन आईटी ट्रेनर के पद पर हुआ है।
गणित विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. दलीप सिंह व सीसीपीसी के उपनिदेशक डॉ. सौरभ कांत ने चयनित विद्यार्थियों को सराहा व उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। गणित विभाग की सीसीपीसी कोऑर्डिनेटर डॉ. एकता नरवाल और सीसीपीसी के उपनिदेशक डॉ. सुखविंदर देवड़ा ने प्लेसमेंट ड्राइव का संचालन एवं समन्वयन किया। चयनित विद्यार्थियों में गणित विभाग से रुचि यादव, अनिशा और मनीष व कंप्यूटर साइंस एंड एप्लीकेशन विभाग से दीपक, योगेश और भावना शामिल हैं। स्टूडेंट को-ऑर्डिनेटर्स अंजू, बिन्नी, मेघा और मनीष ने कार्यक्रम आयोजन में सहयोग दिया।