बहादुरगढ़। गर्मी लगातार बढ़ रही है, इसका असर लोगों के स्वास्थ्य पर देखने को मिल रहा है। बहादुरगढ़ में लगातार बढ़ रहे तापमान की वजह से लोगों को भीषण गर्मी से जूझना पड़ रहा है। इसकी वजह से अब हीट स्ट्रोक की आशंका बढ़ गई है। नागरिक अस्पताल में इन मरीजों के लिए अलग से बेड आरक्षित किए हैं। यहां हीट स्ट्रोक के मरीजों का इलाज किया जाएगा।
अस्पताल के प्रशासनिक अधिकारी ने बताया कि इन दिनों बढ़ते तापमान की वजह से डिहाइड्रेशन के साथ अब हीट स्ट्रोक की आशंका बढ़ी है। ऐसे में एहतियात के तौर पर अस्पताल में छह बेड का एक आरक्षित वार्ड तैयार किया है। यहां अलग से डॉक्टर भी तैनात रहेंगे। आरक्षित वार्ड में खून की जांच से लेकर सभी प्रकार की दवाएं भी उपलब्ध रहेंगी। इस समय लोगों को ज्यादा से ज्यादा लिक्विड डाइट लेनी चाहिए। साथ ही धूप में जाने से बचना चाहिए।
इन बातों का रखें ध्यान
- घर से निकलने से पहले पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ लें व इलेक्ट्रॉल पाउडर लेते रहें।
- धूप से आने के बाद नमक-चीनी पानी का घोल लें। यह घोल डिहाइड्रेशन नहीं होने देगा।
- कम से कम धूप में निकलें और छाते का इस्तेमाल जरूर करें।
- ढीले-ढाले और कॉटन फैबिक्र पहनें।
- सिंथेटिक कपड़े पहनने से बचें, क्योंकि ये आपके शरीर के गर्मी को बाहर नहीं निकलने देते।
- सलाद, जूस, नींबू पानी समय-समय पर जरूर पीएं।
- बाहर रखा खाना बार-बार गर्म करके न खाएं।
- धूप से आते ही तुरंत ठंडा पानी न पीएं।