विजेंद्र कौशिक
रोहतक। विधानसभा चुनाव में सुरक्षा व्यवस्था पुलिस के लिए कड़ी चुनौती रहेगी। खासकर रोहतक शहर व महम में कड़ा मुकाबला है, यहां एक-एक वोट के लिए प्रत्याशी पसीना बहा रहे हैं। लोकसभा चुनाव की अपेक्षा विधानसभा चुनाव में संवेदनशील व अतिसंवेदनशील बूथों की संख्या बढ़ गई है। ऐसे में रोजाना पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर रहा है।
25 मई को लोकसभा चुनाव के लिए मतदान हुआ था। इसमें जिले की चार विधानसभा क्षेत्रों में 94 बूथों को सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील व अतिसंवेदनशील माना गया था। हालांकि, जिले में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया था। अब 5 अक्तूबर को विधानसभा चुनाव के लिए चारों विधानसभा सीट पर मतदान होना है।
रोहतक शहर : भाजपा व कांग्रेस में सीधी टक्कर, 55 बूथ संवेदनशील
भाजपा व कांग्रेस के लिए रोहतक शहर से चुनाव जीतना नाक का सवाल बन गया है। पिछली बार कांग्रेस प्रत्याशी भारत भूषण बतरा ने भाजपा के मनीष ग्रोवर को हराकर 2014 में हुई हार का बदला लिया था। ग्रोवर अबकी बार हिसाब बराबर करना चाहते हैं। दूसरी तरफ हुड्डा परिवार ने भी बतरा के लिए पूरा जोर लगा रखा है। इस सीट पर पुलिस ने 55 बूथों को संवेदनशील माना है।
महम : निर्दलीय भी दिखा रहे दम, 43 बूथ संवेदनशील
जिले में सबसे कड़ा व उलझा हुआ मुकाबला महम में देखने को मिल रहा है। भाजपा के दीपक हुड्डा, कांग्रेस के बलराम दांगी, हजपा के बलराज कुंडू व आप के विकास नेहरा के अलावा निर्दलीय राधा अहलावत व पूर्व विधायक बाली पहलवान भी दम दिखा रहे हैं। आलम यह है कि कांग्रेस के लिए हुड्डा पिता-पुत्र हलके में वोट मांग चुके हैं, जबकि आप के प्रत्याशी के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान व दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल तक आ चुके हैं। हर गांव की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर पुलिस ने 43 बूथों को संवेदनशील माना है।
गढ़ी सांपला-किलोई : वीआईपी सीट पर कड़ी निगाह, 24 बूथ संवेदनशील-अतिसंवेदनशील
गढ़ी सांपला-किलोई हलके पर पूरे प्रदेश की निगाह है, यहां से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा ने जिला परिषद की चेयरपर्सन मंजू हुड्डा को मैदान में उतारा है। आप से प्रवीण घुसकानी, जजपा से सुशीला व इनेलो से कृष्ण कौशिक चुनाव लड़ रहे हैं। पुलिस ने हलके के 24 मतदान केंद्रों को संवेदनशील व अतिसंवेदनशील श्रेणी में रखा है।
कलानौर : आरक्षित सीट पर त्रिकोणीय टक्कर, 26 बूथो संवेदनशील व अतिसंवेदनशील
जिले की एकमात्र आरक्षित सीट कलानौर में त्रिकोणीय मुकाबला माना जा रहा है। कांग्रेस प्रत्याशी शकुंतला खटक चौथी बार मैदान में हैं। भाजपा की रेणू डाबला पहली बार चुनाव लड़ रही हैं। आजाद प्रत्याशी प्रेम प्रधान की भी जातिगत समीकरणों के चलते अच्छी स्थिति मानी जा रही है। पुलिस ने हलके के 26 बूथों को संवेदनशील व अतिसंवेदनशील माना है।
140 बूथों पर तैनात रहेंगी अर्धसैनिक बलों की 13 कंपनियां
पुलिस ने जिले के 140 संवेदनशील व अतिसंवेदनशील बूथों पर अर्धसैनिकों को तैनात करने का निर्णय लिया है। इसके लिए 13 कंपनी बुलाई गई हैं। इनमें चार बीएसएफ, चार सीआरपीएफ, दो एसएसबी, 2 सीआरपीएफ व एक आरपीएफ की कंपनी हैं। बीएसएफ की कंपनी मतदान से पहले नाकों पर वाहनों की जांच कर रही है।
फैक्ट फाइल
जिले में कुल मतदाता 8 लाख 31 हजार 166
पुरुष मतदाता 4 लाख 40 हजार 22
महिला मतदाता 3 लाख 91 हजार 144
मतदान केंद्र 831
हलका वाइज मतदाता व मतदान केंद्र
हलका मतदाता मतदान केंद्र
महम 1 लाख 98 हजार 359 217
गढ़ी सांपला 2 लाख 20 हजार 35 227
रोहतक शहर 1 लाख 97 हजार 460 180
कलानौर 2 लाख 15 हजार 312 207