व्यापार मंडल के अध्यक्ष दुकानदारों से मिले, बोले-दुकानों की मरम्मत लिए मुख्यमंत्री को लिखेंगे पत्र
रोहतक। हरियाणा व्यापार मंडल के कार्यवाहक अध्यक्ष विजय गुप्ता ने शुक्रवार को दुर्गा भवन की दुकानदारों के निवेदन पर वहां का दौरा किया। उन्होंने बताया कि दुर्गा भवन के मुख्य द्वार के साथ बनी दुकानों की छतों की हालत खराब हो चुकी है कि कभी भी हादसा हो सकता है। उन्होंने कहा कि दुर्गा भवन रोहतक का सबसे ऐतिहासिक मंदिर है, जहां न केवल रोहतक बल्कि पूरे हरियाणा और दिल्ली के लोगों की आस्था जुड़ी है। उन्होंने बताया कि इमारत की मरम्मत के बारे में हरियाणा के मुख्यमंत्री, सहकारिता मंत्री और जिला उपायुक्त को पत्र लिख कर उचित कार्रवाई की मांग की जाएगी। इस मौके पर मालगोदाम रोड के प्रधान राकेश सिक्का, खरैती लाल, नाथि पनीर वाले, रमेश रसगुल्ले वाले, रिम्पी घी वाले, सुभाष बर्फ वाले, अमित सोनी, सरदार हरमिंदर सिंह, मोंटी जुनेजा सहित अन्य व्यापारी और दुकानदार मौजूद रहे। उधर, दुर्गा भवन मंदिर के प्रधान ओम प्रकाश शर्मा ने बताया कि वह मरम्मत कराने को तैयार है, इस बारे में कई बार दुकानदारों से कहा गया कि दुकानें खाली करें, जिससे मरम्मत कराई जा सके। लेकिन दुकानें खाली नहीं की जा रही है, जिससे मरम्मत नहीं हो पा रही है।