रोहतक। इंटक कार्यालय में वीरवार को हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन (इंटक) के कार्यकर्त्ताओं ने वरिष्ठ उपप्रधान देवेंद्र बटाना की अध्यक्षता में बैठक की। इसमें कर्मचारियों की मांगों को लेकर विचार-विमर्श किया गया और चेतावनी दी गई की यदि सरकार 15 दिन में मांग पूरी नहीं करती तो वह आंदोलन करेंगे। राज्य उपप्रधान सुमेश कुंडू ने बैठक में बताया कि स्टेट ट्रांसपोर्ट विभाग के महानिदेशक ने अदालत के आदेशों पर अनूप सहरावत को यूनियन का राज्य प्रधान मान लिया है। इसके बाद उन्होंने कहा कि कर्मचारियों का 2012-15 का एलटीसी बकाया है। इसके अलावा कुछ कर्मचारियों का एरियर भी नहीं दिया गया है और कुछ को एसीपी का लाभ भी नहीं मिला है। इसको लेकर सभी में रोष है। इस मौके पर आनंद खिड़वाली, सोनू जिंदरान, बंटी, अजीत, बिजेंद्र, हरि ओम, रामपाल, अशोक, सुभाष, सुरेंद्र, जय भगवान, अनिल, नवनीत, संदीप, समुंद्र, देवेंद्र आदि मौजूद रहे।