रोहतक। तेज कॉलोनी निवासी अकाउंटेंट से एक व्यक्ति ने फर्जी वीजा एजेंट बन कर 48600 रुपये ठग लिए हैं। इस पर पीड़ित की शिकायत पर पुरानी सब्जी मंडी थाना में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता अंकित ने पुलिस को बताया कि वह निजी कंपनी में अकाउंट है। उसने सोशल मीडिया पर कनाडा वीजा के लिए विज्ञापन देखा। इसमें जो मोबाइल नंबर दिया था, उस पर संपर्क किया। यहां सचिन नामक के व्यक्ति से बात हुई। उसने कनाडा में वर्किंग वीजा व नौकरी देने की बात कही। वह उसकी बातों में आ गया। उससे मेडिकल जांच करवाने के लिए 17190 रुपये बताए और व्हाट्सएप पर अकाउंट नंबर देकर रुपये मंगाए। उसने 30 नवंबर को चार हजार रुपये भेज दिए। इसके बाद सचिन ने मेल कर फ्लाइट टिकट व उसकी जानकारी साझा की। इस दौरान उसने टिकट बुक करने के लिए 20 प्रतिशत एडवांस मांगे और वह उसकी बातों में आ गया और फिर उसके खाते में 34600 रुपये भेज दिए। इसके बाद सचिन ने बात करना बंद कर दिया।