बिजली विभाग को भाकियू का अल्टीमेटम
मांगें न मानी तो 29 को जड़ेंगे ताला
अमर उजाला ब्यूरो
साढौरा। विद्युत विभाग की ओर से गांव सफीलपुर के किसान रामपाल के खिलाफ मीटर से छेड़छाड़ के आरोप में पौने तीन लाख रुपये का जुर्माना लगाने एवं विभाग की ओर से किसान को भेजे गए नोटिस को विद्युतकर्मी द्वारा ही साइन करने का मामला तूल पकड़ने लगा है। इस मामले में भाकियू किसान के पक्ष में उतर आई है, सोमवार को भारतीय किसान यूनियन ने किसान महापंचायत का आयोजन किया। महापंचायत की अध्यक्षता भाकियू के प्रदेश प्रधान रतन सिंह मान ने की, दूसरे जिलों के भी किसान नेता शामिल हुए। महापंचायत में प्रदेश अध्यक्ष रतन सिंह मान ने एलान किया कि यदि सात दिनों तक किसान रामपाल के खिलाफ लगाए गए जुर्माने को माफ न किया गया एवं विद्युत विभाग के एसडीओ सहित नोटिस पर हस्ताक्षर करने वाले कर्मचारी का तबादला न किया गया तो 29 अगस्त को एक बार फिर से विद्युत विभाग के खिलाफ हल्ला बोल धरना प्रदर्शन करेंगे और बिजली विभाग के कार्यालय की तालाबंदी करेंगे। महापंचायत में एसडीएम नवीन आहुजा, डीएसपी रणधीर सिंह सहित विद्युत विभाग के आला अधिकारियों ने किसानों को समझाने बुझाने का प्रयास किया, मगर किसानों ने अपना प्रदर्शन जारी रखा। मौके पर पहुंचे एसई आरके खन्ना एवं एक्सईएन कुलदीप ने किसानों से कहा कि वे इस बारे में एक जांच कमेटी बना कर सारे मामले की जांच करेंगे। भारतीय किसान यूनियन के हलका प्रधान सतपाल मानकपुर ने कहा कि यदि आश्वासनों पर अमल न हुआ तो एक बार फिर से विद्युत कार्यालय पर ताला लगाने पर विवश होंगे। उन्होंने एलान किया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होती तब तक भाकियू का धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि इस धरने प्रदर्शन में प्रतिदिन 11 किसान बैठेंगे। किसान महापंचायत में प्रदेश उपाध्यक्ष रामफल कंडेला आदि भी मौजूद रहे।