बैडमिंटन और ताइक्वांडो की इंडिया यूनिवर्सिटी टीम का चयन
रोहतक। एमडीयू में मंगलवार को बैडमिंटन और ताइक्वांडो की इंडिया यूनिवर्सिटी टीम का चयन किया गया। खेल निदेशक डॉ. डीएस ढुल ने बताया कि अगस्त में चीन के ताइपे शहर में वर्ल्ड यूनिवर्सिटी बैडमिंटन चैंपियनशिप होगी। इस बार वर्ल्ड यूनिवर्सिटी में देश का प्रतिनिधित्व करने वाली टीम के चयन की जिम्मेदारी एमडीयू को दी गई थी। महिला-पुरुष दोनों टीमों का चयन कर लिया गया है। 15 जुलाई से 25 दिनों के लिए दोनों टीमों का प्रशिक्षण शिविर लगाया जाएगा। इसके अलावा इंडोनेशिया में होने वाली वर्ल्ड यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप के लिए ताइक्वांडो की टीम का चयन भी किया गया। महिला और पुरुषों की टीम में 12-12 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। जल्दी ही इनका प्रशिक्षण शिविर भी लगाया जाएगा। इस मौके पर डॉ. कृष्णा चौधरी, चीफ कोच सुरेंद्र सिंह, कपिल शर्मा, अर्जुन अवार्डी जितेंद्र कुमार, मनोज पांचाल और सुमित ढुल आदि चयन समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।