बादली (बहादुरगढ़)। गणेश प्रतिमा विसर्जित करने आए नजफगढ़, दिल्ली के चार श्रद्धालु एनसीआर माइनर में डूब गए। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने दो को तो सकुशल बचा लिया, जबकि दो लापता हो गए। वीरवार को 20 घंटे बाद एक युवक का शव माइनर से बरामद हो गया। दूसरे की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम अभियान चला रही है।
बुधवार देर शाम दिल्ली के नजफगढ़ क्षेत्र से कुछ लोग एनसीआर माइनर में गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए आए थे। चार लोग प्रतिमा लेकर माइनर में उतरे। इस बीच पैर फिसलने से चारों गहरे पानी में बह गए। आसपास के ग्रामीणों की मदद से दो को तो लोगों ने मौके पर बाहर निकाल लिया, जबकि नजफगढ़ के दिचाऊं कलां गांव निवासी आदित्य सैनी और विकास गहरे पानी में डूब गए। रात के समय पुलिस के साथ आसपास के ग्रामीणों ने सहयोग किया, लेकिन दोनों का कुछ पता नहीं चला।
वीरवार सुबह एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और सर्च अभियान शुरू किया। 20 घंटे बाद घटना स्थल से कुछ ही दूरी पर विकास का शव बरामद हो गया। दूसरे युवक आदित्य की तलाश जारी है। पुलिस थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया एसडीआरएफ की टीम तलाश में जुटी है।