रोहतक। राजस्थान से महम आकर रह रहे पांच दोस्तों के 35 हजार रुपये और मोबाइल चोरी हो गए। महम थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस को दी शिकायत में राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के पुर्विया गांव निवासी कमलेश ने बताया कि वह महम के वार्ड छह में विजय सोनी के मकान में साथी पोटला गांव निवासी भंवरलाल, भरक निवासी पवन गर्ग व रतन लाल और चित्तौड़गढ़ जिले के गांव चमनपुरा निवासी कालू लाल के साथ रहता है। साथ ही आइसक्रीम बेचने का कार्य करते हैं। रविवार की रात को काम करके अपने कमरे में सो गए। दो दिन की कमाई अलमारी के अंदर रखी थी। सुबह उठे तो अलमारी से 35 हजार की नकदी व चार मोबाइल फोन चोरी मिले।