अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
पर्वतारोही एवं कोसली के नेहरुगढ़ निवासी नरेंद्र यादव ने यूरोप की सबसे ऊंची चोटी एल्ब्रुश को पांच दिन में फतह कर लिया है। 15 अगस्त तक साउथ अफ़्रीका की (किलिमांजारो) और यूरोप की (एल्ब्रुश) चोटी को फतेह करने निकले नरेंद्र के इस अभियान को ट्रिपल टू नाम दिया है, मतलब दो महाद्वीपों की दो सबसे ऊंची चोटियों को दो सप्ताह में फतेह करना है। उल्लेखनीय है कि नरेंद्र ने गत वर्ष माउंट एवरेस्ट फतेह किया था। भारत स्वाभिमान न्यास के जिला प्रभारी भाई युद्धवीर ने बताया कि नरेंद्र ने एक अगस्त को एल्ब्रुश चोटी को फतह कर तिरंगा लहराया। अब वह नौ अगस्त को दक्षिण अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी किलिमांजरों के लिए अभियान शुरू करेंगे। इसके बाद 15 अगस्त को इसे फतेह करेंगे। उल्लेखनीय है कि नरेंद्र 25 जुलाई को रेवाड़ी से यूरोप के लिए रवाना हुए थे।