रोहतक। यूपी के दादरी में दो साल पहले मर चुके व्यक्ति अतर सिंह के खाते से जिले में पीएनबी की मोखरा ब्रांच से तीन बार में 30 लाख रुपये निकाले गए हैं। एसपी कार्यालय की आर्थिक अपराध जांच शाखा की रिपोर्ट पर बहुअकबरपुर थाने में बैंक के डिप्टी मैनेजर सहित चार बैंक कर्मियों के खिलाफ फर्जी कागजात तैयार कर धोखाधड़ी व भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक मोखरा ब्रांच के मैनेजर प्रदीप ने दी शिकायत में बताया कि साल 2022 में 10 अगस्त को उसके पास यूपी के दादरी निवासी सुबोध सिंह का फोन आया। युवक ने कहा कि उसके पिता अतर सिंह की दो साल पहले मौत हो गई थी। 19 जुलाई, 5 अगस्त व 8 अगस्त को उसके पिता के दादरी स्थित खाते से किसी ने 30 लाख रुपये निकाल लिए। उसने बैंक में जाकर जांच पड़ताल की तो पता चला कि यह राशि रोहतक के मोखरा स्थित ब्रांच से निकाले गए हैं। इससे बैंक में कौतूहल मच गया। मामले की जांच करवाई गई तो पता चला कि इस राशि को निकालने के लिए रामफूल नाम के व्यक्ति की निकासी पर्ची का इस्तेमाल किया गया है। खास बात यह है कि इस पर्ची पर मुख्य कैशियर के हस्ताक्षर तक नहीं हैं।
2015 में बदल दिए थे हस्ताक्षर
पुलिस के मुताबिक जांच में पता चला है कि अतर सिंह ने मरने से पहले 2015 में अपने हस्ताक्षर को बदल दिया था। इसके बावजूद बैंक कर्मियों ने फर्जी बैंक धारक बनाकर राशि निकाल ली। इस संबंध में बैंककर्मी संदीप, सोनिया, संदीप दलाल व सोनू भांकर के खिलाफ फर्जी कागजात तैयार करने, धोखाधड़ी करने व भ्रष्टाचार अधिनियम 13 (1) डी के तहत मामला दर्ज किया गया है।
वर्जन-
पीएनबी की मोखरा ब्रांच के मैनेजर की शिकायत पर आर्थिक अपराध जांच शाखा ने जांच पड़ताल की। उसके आधार पर चार बैंक कर्मियों के खिलाफ यूपी के दादरी निवासी अतर सिंह के खाते से 30 लाख रुपये निकालने का मामला दर्ज किया गया है।
- इंस्पेक्टर अशोक कुमार, प्रभारी थाना बहुअकबरपुर