रोहतक। घर बैठे तीन से छह हजार रुपये रोजाना कमाने का लालच देकर 2.55 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। बाबरा मोहल्ले की अंकिता गुप्ता की शिकायत पर साइबर क्राइम ब्रांच पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में महिला ने कहा है कि आठ मार्च को सुबह 11:33 पर उन्हें एक कॉल आई। एचआर असिस्टेंट पारुल से संदेश मिला। उसने ऑनलाइन रिव्यू की जानकारी देते हुए प्रति रिव्यू 50 रुपये व इसके बाद वर्क फ्रोम होम के नाम पर तीन से छह हजार रुपये रोज कमाने का दावा करते हुए उसे एक ग्रुप में जोड़ दिया। यहां निधि नाम की युवती ने आगे रिव्यू के लिए कहते हुए खाते में 150 रुपये भेजे। इस 154 लोगों के ग्रुप में सदस्यों को टास्क रिव्यू फोटो पोस्ट की गई।
उसे विश्वास दिलाया कि यह लोग सही हैं। फिर नया टास्क दिया। इसमें शुरुआती राशि दो हजार रुपये इनवेस्ट करने से 2800 मिलने की बात कही गई। ऐसा करने पर 2800, 500 व 3300 रुपये दिए गए। वेलडन बोलने के बाद उसे एक नए ग्रुप में डाल दिया गया। इसके अगले दिन नाम मार्च की सुबह 10:15 बजे उसे कम से कम 15000 रुपये इनवेस्ट करने को कहा गया। शुरू में कोई जानकारी नहीं दी गई। रुपये डालते ही ग्रुप में चार सदस्य और जोड़ दिए। सभी को एक के बाद एक टास्क दिए जाने की बात कहते हुए प्रत्येक टास्क पर अलग राशि इनवेस्ट करने के लिए कहा गया। यह राशि पिछली बार से अधिक होगी। उन्होंने अलग-अलग 15000, 45000, 75000, 120000 रुपये यानी कुल 2,55,000 रुपये इनवेस्ट कराए। बाद में धोखाधड़ी होने का पता लगा। इस पर पुलिस को शिकायत दी।