रोहतक। नेहरू कॉलोनी की महिला को ऑनलाइन टास्क पूरा करने का झांसा देकर साइबर ठगों ने 2 लाख 41 हजार रुपये ठग लिए। महिला की शिकायत पर सिटी थाने में केस दर्ज किया गया है।
इंदिरा कॉलोनी निवासी पूजा ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उसके टेलीग्राम एप पर एक लिंक आया। इसमें कहा गया कि यह टास्क ग्रुप है। ग्रुप के माध्यम से निवेश कर 30 प्रतिशत तक कमाया जा सकता है। पहले उससे एक हजार रुपये निवेश कराया गया। इसके बदले खाते में 1300 रुपये भेजे गए। इसके बाद अलग-अलग समय पर 2 लाख 41 हजार रुपये निवेश करवा लिया, लेकिन अब पैसे नहीं लौटाए जा रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नौकरी का झांसा देकर ठगे 61 हजार 413 रुपये
चिन्योट कॉलोनी के युवक से साइबर ठग ने नौकरी का झांसा देकर 61 हजार 413 रुपये ठग लिए। इसके लिए ऑनलाइन इंटरव्यू के नाम पर भेजे गए लिंक पर क्लिक करवाया। इस संबंध में आर्य नगर थाने में केस दर्ज किया गया है। पुलिस को दी शिकायत में चिन्योट कॉलोनी निवासी रजत बतरा ने बताया कि मंगलवार को उसके वाट्सएप नंबर पर एक मैसेज आया, इसमें ऑनलाइन जॉब का ऑफर दिया गया। साथ ही कहा कि दिए गए लिंक पर ऑनलाइन इटरव्यू होगा। उसने लिंक पर क्लिक कर दिया। साथ ही इंटरव्यू देना शुरू किया। जैसे ही इंटरव्यू शुरू हुआ, उसके खाते से पैसे कटने लगे। चार बार में उसके खाते से 61 हजार 413 रुपये कट गए। इसके बाद बैंक की तरफ से उसके कार्ड को ब्लाॅक कर दिया गया। उसने बैंक के कस्टमर केयर पर शिकायत दी। साथ ही साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर भी शिकायत दर्ज करवाई।