अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं चेयरमैन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रवि कुमार सौंधी के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से शनिवार को न्यायिक परिसर रेवाड़ी में राष्ट्रीय लोक अदालत लगाई। लोक अदालत में कुल 1050 मामले निपटारे के लिए रखे गए जिसमें से 326 का मौके पर निपटारा किया गया। न्यायाधीश सौंधी ने कहा कि निष्पक्ष एवं सुलभ न्याय पाना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है। उन्होंने कहा कि लोक अदालतें त्वरित न्याय दिलाने में सराहनीय कार्य कर रही हैं। लोक अदालतों में लोगों को सुलभ एवं सस्ता न्याय तो मिलता ही है, साथ ही इससे लोगों के धन एवं समय की भी बचत होती है। न्यायिक व्यवस्था पर बढ़ते मुकदमों के बोझ को कम करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है। विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य कमजोर वर्गों को नि:शुल्क व सक्षम विधिक सेवाएं उपलब्ध कराना है। जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी नीरु कंबोज ने बताया कि इस लोक अदालत में 1050 मामले रखे गए, इनमें आपसी समझौते से 326 मामलों का मौके पर निपटारा किया गया। जिनमें से 22 मोटर दुर्घटना मुआवजा, 26 चेक बाउंस, 38 दीवानी सहित कई अन्य मामलों का निपटारा किया गया। इसके अतिरिक्त उपमंडल स्तर पर भी एक राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया।