रोहतक। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) सत्र 2024-25 में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत संचालित कोर्सों में दाखिले के लिए वीरवार को प्रवेश परीक्षा कराई गई। यहां विभिन्न कोर्सों में कुल 2677 परीक्षार्थियों में से 2108 ने परीक्षा दी जबकि 569 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
वीरवार को एमडीयू में बीए अंग्रेजी चार वर्षीय पाठ्यक्रम, बी. कॉमर्स चार वर्षीय पाठ्यक्रम व यूटीडी एवं सीपीएएस गुरुग्राम में एलएलबी पंच वर्षीय समेकित पाठ्यक्रम में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा हुई। सुबह पहले सत्र में अंग्रेजी के चार वर्षीय कोर्स के लिए 214, दोपहर को दूसरे सत्र में एलएलबी पांच वर्षीय कोर्स के लिए 1539 व दोपहर बाद तीसरे सत्र में कॉमर्स के चार वर्षीय कोर्स में 355 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी।
डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. एएस मान व कुलसचिव प्रो. गुलशन तनेजा ने प्रवेश परीक्षा केंद्रों का दौरा किया व परीक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। वीरवार सुबह 10 से 11:15 बजे तक बीए अंग्रेजी चार वर्षीय, दोपहर 12:30 से 1:45 बजे तक एलएलबी आनर्स पंच वर्षीय (केवल यूटीडी व सीपीएएस-गुरुग्राम) व दोपहर तीन से शाम 4:15 बजे तक बी. कामर्स चार वर्षीय पाठ्यक्रम की प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई।
आज यह परीक्षाएं होंगी
कुलसचिव ने बताया कि 21 जून को बीएससी गणित चार वर्षीय की प्रवेश परीक्षा सुबह 10 से 11:15 बजे तक, बीएससी सांख्यिकी चार वर्षीय की प्रवेश परीक्षा दोपहर 12:30 से 1:45 तक व बीबीए चार वर्षीय, बीएचएमसीटी चार वर्षीय, बीटीटीएम चार वर्षीय व एमएचएमसीटी पंच वर्षीय समेकित पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा दोपहर तीन से शाम 4:15 बजे तक आयोजित की जाएगी।
कुलसचिव प्रो. तनेजा ने बताया कि 24 जून को बीसीए चार वर्षीय, बीएफए पेंटिंग चार वर्षीय, बीए इकोनॉमिक्स चार वर्षीय व बीए लोक प्रशासन चार वर्षीय पाठ्यक्रम की प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। बीए संस्कृत चार वर्षीय, बीए इतिहास चार वर्षीय व बीएससी जेनेटिक्स चार वर्षीय पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा 25 जून को आयोजित की जाएगी। प्रवेश परीक्षा संबंधित विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय वेबसाइट से प्राप्त की जा सकती है।