कन्या गोद लेकर किया कुआं पूजन, मनाई खुशी
अमर उजाला ब्यूरो
सतनाली मंडी। खंड के गांव नावां में निसंतान दंपति ने कन्या को गोद लेकर पुत्र की भांति कुआं पूजन एवं भोज का आयोजन कर खुशी मनाई। इस अवसर पर नवजात दत्तक कन्या भूमि के पिता मुकेश कुमार एवं माता रीना देवी ने बताया कि उनकी कोई संतान नहीं थी इसलिए अपनी बहन सीमा पत्नी संदीप की नवजात कन्या को विधिवत गोद लिया है। उन्होंने कहा कि जिस घर में कन्या नहीं होती उस घर में कभी देवता निवास नहीं करते। आज हर क्षेत्र में बेटियों ने साबित किया है कि वह लड़कों से पीछे नहीं है। उन्हें खुशी है कि अब वह बेटी का पालन पोषण करेंगे और एक दिन उनकी बेटी भी देश का नाम रोशन करेगी। इस अवसर पर कन्या के दादा एवं दादी रामनिवास जांगड़ा एवं परमेश्वरी देवी ने कहा कि बेटे व बेटियों में कोई भेद नहीं होता है। इस अवसर पर सुशीला देवी, रेखा, सीमा, मुन्नी, रीना, सुमन, परमेश्वरी, अनीता, संतरा, रामसिंह बागोतिया, पंकज शर्मा, बलबीर जांगड़ा, सत्यनारायण जांगड़ा आदि सहित अनेक लोग मौजूद थे।