20 एडीवीटी फोटो रोहतक (ग्रामीण बैंक)
- फोटो : Archive
रोहतक (वि)। हरियाणा ग्रामीण बैंक ने अपने सभी 11 क्षेत्रीय कार्यालयों के अंतर्गत कृषि संपर्क शिविर आयोजित किए। अभियान के दौरान बैंक ने 874 लाभार्थियों को कुल 45.23 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृत किए, जबकि 29.31 करोड़ रुपये के कृषि ऋण वितरित किए। बैंक अध्यक्ष सुमंत कुमार ने नूंह क्षेत्रीय कार्यालय के अंतर्गत आयोजित शिविर में भाग लिया। अन्य वरिष्ठ अधिकारियों और शाखा टीमों ने विभिन्न शिविरों में किसानों, पशुपालकों और स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों से बातचीत कर उनकी ऋण संबंधी जरूरतों की जानकारी ली। शिविरों में किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड, पशु किसान क्रेडिट कार्ड, कृषि स्वर्ण ऋण, कृषि सावधि ऋण और केसीसी टर्म लोन कॉम्बो योजना की जानकारी दी गई। इसके अलावा ट्रैक्टर, कृषि यंत्र और सिंचाई उपकरण खरीदने के लिए उपलब्ध ऋण सुविधाओं के बारे में बताया गया। किसानों को कृषि अवसंरचना कोष (एआईएफ) के तहत भंडारण, ग्रेडिंग और प्राथमिक प्रसंस्करण परियोजनाओं के वित्तपोषण की जानकारी भी दी गई। वहीं, महिला स्वयं सहायता समूहों को लखपति दीदी पहल और समूह ऋण के विकल्पों से अवगत कराया गया। पात्र आवेदनों पर शिविर स्थल पर कार्रवाई करते हुए आवेदकों को सैद्धांतिक ऋण स्वीकृति पत्र भी सौंपे गए।