अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
जिले में मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं की मंगलवार को जिला सचिवालय में उपायुक्त डा. यश गर्ग द्वारा समीक्षा की गई। समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा जिला में विभिन्न विकास कार्यों की घोषणा की गई है। अधिकारी इन घोषणाओं पर अमल करते हुए विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण रूप से निर्धारित कर समय अवधि में पूर्ण करवाएं। उन्होंनेे कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा रेवाड़ी, बावल व कोसली विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए घोषित की गई राशि के जो प्रस्ताव शेष रह गए हैं, उन्हें तुरंत भिजवाया जाए। उपायुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा जिले में 93 घोषणाएं की हुई हैं। 40 पूरी हो चुकी है और 33 घोषणाओं पर कार्य प्रगति पर है। पांच घोषणाएं ऐसी है जो फिजिबल नहीं हैं जबकि 15 घोषणाएं लंबित है। उन्होंने कहा कि 8 अगस्त को मंडल स्तर पर होने वाली बैठक से पूर्व सीएम घोषणाओं को अमलीजामा पहनाया जाए। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।