परिवार जिंदा जल गया और लोग देखकर गाड़ी आगे बढ़ाते रहे
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। गांव शामगढ़ के पास जीटी रोड पर हुए हादसे में कार में आग लगने से केवल चार लोग जिंदा नहीं बल्कि इंसानियत भी जली। अलसुबह हुए हादसे को जीटी रोड से गुजरने वाले सैकड़ों लोगों ने देखा, लेकिन किसी ने मदद को हाथ नहीं बढ़ाए। एक तरफ परिवार के सदस्य जलते रहे और दूसरी ओर जीटी रोड से राहगीर गुरजते रहे। इतना ही नहीं आम पब्लिक ने शव निकालने के लिए पुलिस को कपड़ा तक नहीं दिया। तरावड़ी थाना प्रभारी जनकराज ने बताया कि हादसा भयानक था, लेकिन इससे भी बुरा ये है कि लोग इतने बड़े हादसे के बाद ही इंसानियत नहीं दिखाते। उन्होंने बताया कि जब तक पुलिस मौके पर पहुंची तब तक चारों लोग कार में जिंदा जल चुके थे। लेकिन इससे पहले एक साइड में आग में परिवार जल रहा था, जबकि दूसरी लेन से लोग अपनी गाड़ियों से रवाना हो रहे थे। किसी ने भी पुलिस को इसकी सूचना नहीं दी और न ही फायर ब्रिगेड को। इसके अलावा, जब पुलिस कार में जले शवों को निकाल रही थी तो आसपास जमा भीड़ से कपड़ा आदि मांगा तो लोगों ने ये भी देने से इंकार कर दिया। बाद में लोगों से मदद मांगी और पुलिस ने शवों के टुकड़ों को कार से बाहर निकाला।