रोहतक। शहर के अप्पू घर के नजदीक पुराने एसी की खरीद को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। आरोप है कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर न केवल पिस्तौल तान दी, बल्कि मारपीट भी की। पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। इस संबंध में दंपती सहित तीन के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक गोहाना अड्डे के नजदीक अशोक नगर निवासी अंकित ने दी शिकायत में बताया कि उसने सात दिन पहले रेलवे रोड निवासी महेश बंसल से पुराना एसी 12 हजार रुपये में खरीदा था। उसे यह एसी तीन साल पुराना कहकर दिया था, जबकि जांच करवाने पर एसी 14 साल पुराना निकला। उसने महेश को कॉल की तो उसने फोन रिसीव नहीं किया। सोमवार शाम पांच बजे वह अपने पिता व पत्नी के साथ अप्पू घर के नजदीक आया हुआ था। वहीं पर महेश बंसल मिल गए। जब उनसे एसी के पैसे वापस मांगे तो अभद्र शब्दों का प्रयोग करते हुए धमकी देने लगे। एक युवक को भी बुला लिया। युवक ने आते ही उसके ऊपर पिस्तौल तान दी। साथ ही जान से मारने की धमकी देने लगा। पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।