शहर के अशोका चौक के करीब पुराने सेशन हाउस के सामने चोर गिरोह के पांच सदस्य मोबाइल शॉप के अंदर घुसे और 13 लाख 56 हजार के मोबाइल फोन व 38 हजार रुपये की नकदी निकाल कर ले गए। शटर के नीचे से अंदर घुसकर वारदात को अंजाम दी गई। वारदात बुधवार तड़के 5 से 6 बजे के बीच अंजाम दी गई, जो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वारदात स्थल के सामने पुराना सेशन हाउस व एसपी आवास 100 मीटर की दूरी पर है।
पुलिस के मुताबिक सेक्टर दो निवासी सुमित अरोड़ा ने दी शिकायत में बताया कि उसकी अशोका चौक के नजदीक मुंझाल कांप्लैक्स में मोबाइल शॉप है। मंगलवार रात करीब साढ़े नौ बजे अच्छी तरह से दुकान बंद करके घर चला गया। बुधवार सुबह करीब सवा नौ बजे आया तो दुकान का शटर बीच से ऊपर की तरफ उठा मिला। दुकान के अंदर जाकर देखा तो नामी कंपनी के 49 मोबाइल फोन व उसका सामान चोरी मिला, जिनकी कीमत 13 लाख 46 हजार 806 रुपये है। साथ ही दराज से 38 हजार रुपये की नकदी भी गायब मिली। उसने सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो वारदात के आरोपी दिखाई दे रहे हैं।
शटर को हाथों से ऊपर उठाकर एक युवक अंदर घुसा, चार सड़क पर घूमते दिखे
फुटेज में दिखाई दे रहा है कि चार युवकों ने शटर को हाथों से ऊपर उठाया। एक पतला युवक अंदर घुस गया। एक-एक करके कीमती मोबाइल फोन बाहर देता रहा। बाहर बैठे युवकों ने मोबाइल फोन बैगों में रख दिए। वारदात को पांच से छह बजे के बीच अंजाम दी गई। उस समय वाहनों का आवागमन हो गया था। बाहर के युवकों ने शटर बजाकर इशारा किया तो अंदर घुसा युवक बाहर निकल आया। इसके बाद युवक आराम से बैग लेकर फरार हो गए।
पांचों ने लगा रखे थे नकाब, चार के सिर पर थी टोपी
फुटेज के अंदर दिखाई दे रहे पांचों युवकों ने मुंह पर नकाब लगा रखा था। एक युवक थोड़ी देर के लिए नकाब हटाता है, जो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो जाता है। अब वह शटर के नीचे से बाहर निकलता है तो उस समय किसी को शक न हो, इसलिए युवक थोड़ी दूरी पर टहलने चले जाते हैं। युवक आराम से बाहर निकलकर आता है और शटर के सामने सीढि़यों पर बैठ जाता है। इसके बाद उसके चार साथी आते हैं। पांचों पैदल ही अशोका चौक की तरफ फरार हो जाते हैं।
अशोका चौक से मानसरोवर पार्क की तरफ युवक फरार हुए हैं। फुटेज के आधार पर आरोपियों को तलाश कर रहे हैं। - इंस्पेक्टर जगबीर सिंह, प्रभारी थाना सिविल लाइन