आंगनबाड़ी वर्कर्स हेल्पर यूनियन फेडरेशन हरियाणा ने 10 मई तक किया धरना स्थगित
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
आंगनबाड़ी वर्कर्स हेल्पर यूनियन फेडरेशन हरियाणा ने 10 मई तक अपना धरना स्थगित कर दिया है।
यूनियन की सदस्य सुनीता वर्मा ने बताया कि उनका डेलीगेशन सीएम से मिलने गया था। वहां बातचीत में सामने आया कि उनका वेतन बढ़ाया जा चुका है। इसके अलावा जो बढ़ोतरी होनी है। वह मई में पेश होने वाले विधानसभा सत्र में पेश की जाएगी। इससे पहले वह इसे बढ़ा नहीं सकते। इसके अलावा उनकी सेंटर का किराया बढ़ाने की मांग को मान लिया गया है। बडे़ शहर में उन्हें पांच हजार और छोटे शहर में उन्हें सेंटर के किराए के रूप में तीन हजार रुपये मिलेंगे। इसके अलावा गांवों में आंगनबाड़ी सेंटर के लिए 750 रुपये मिलेगा। सुनीता ने बताया कि उन्होंने जिला प्रधान कमला दलाल के नेतृत्व में अपनी लड़ाई लड़ी है। प्रधान ने सभी महिलाओं को बताया कि वह दस मई तक सरकार की घोषणा का इंतजार करेंगे, यदि उनकी मांग नहीं मानी जाती तो वह फिर धरने पर बैठ जाएंगी।