अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
डीटीएच स्कूल चौकीदार यूनियन की ओर से हरियाणा गवर्नमेंट पीडब्ल्यूडी मैकेनिक वर्कर्स यूनियन कार्यालय में बैठक की गई। बैठक में जिला प्रधान देवेंद्र कुमार की अध्यक्षता में विभिन्न मांगें मनवाने को सीएम को ज्ञापन भेजा गया। इस दौरान देवेंद्र कुमार ने कहा कि डीटीएच स्कूल चौकीदार जून 2007 से इस पद पर काम कर रहे हैं। इस समय इन्हें एक हजार रुपये मासिक मानदेय मिलता है। 10 साल से एक भी रुपया मानदेय का नहीं बढ़ाया गया। सरकार हर वर्ष कर्मचारियों को दो बार महंगाई भत्ता जारी करती है, लेकिन चौकीदारों के मानदेय में कोई इजाफा नहीं हुआ। सभी डीटीएच चौकीदार जरूरतमंद परिवारों से हैं। यूनियन सदस्यों ने बैठक में न्यूनतम वेतन 15 हजार रुपये मासिक करने, तीन वर्ष की सेवा पूरी करने वाले डीटीएच चौकीदारों केा नियमित करने, सालाना दो ड्रेस प्रदान करने, मानदेय हर माह देने तथा लाठी, बैटरी और अलग से कमरा देने की मांग की गई। जिला सचिव राकेश यादव ने बताया कि यदि सरकार ने शीघ्र ही मांगें नहीं मानी तो शीघ्र ही जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी के कार्यालय के सामने तीन दिन का धरना दिया जाएगा। बैठक में हरियाणा संयुक्त कर्मचारी मंच के जिला प्रधान हरीसिंह, मास्टर सूबेसिंह, मांगेराम शर्मा, मनोज, सुमेर, विरेंद्र, धर्मवीर, सज्जन सिंह, रामनिवास, महेंद्र, सत्यवीर, बिजेंद्र, उम्मेद, ईश्वर, जयनारायण, अशोक कुमार आदि मौजूद थे।