अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र । हरियाणा कला परिषद् मल्टी आर्ट कल्चरल सेंटर (मैक) द्वारा तीन दिवसीय लोहड़ी एवं संक्रांति उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन के तहत मैक की भरतमुनि रंगशाला में वीरवार से प्रतिदिन सायं 5.30 बजे शुरु हो रहे इस उत्सव के पहले दिन हरियाणवी लोक रंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति होगी। इस कार्यक्रम में सोनीपत से सुरेंद्र तंवर व उनकी टीम हरियाणवी संस्कृति का प्रदर्शन करेंगे। इस मौके पर हरियाणा खादी ग्रामोद्योग बोर्ड की अध्यक्षा गार्गी कक्कड़ मुख्यातिथि के रुप में शिरकत करेंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय विधायक सुभाष सुधा करेंगे। वहीं, शुक्रवार को शिवनारायण के निर्देशन में राजस्थानी कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। इस अवसर पर नप अध्यक्षा उमा सुधा मुख्याअतिथि तथा अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मवीर मिर्जापुर करेंगे। वहीं उत्सव के समापन अवसर पर शनिवार को पंजाबी सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति रहेगी। जिसमें चंडीगढ़ से हरिद्र सिंह के निर्देशन में कलाकार प्रस्तुति देंगे। समापन अवसर पर उपायुक्त एसएस फुलिया मुख्यातिथि और अध्यक्षता विद्या भारती संस्कृति शिक्षण संस्थान के निदेशक डा. रामेंद्र करेंगे। मैक के क्षेत्रीय निदेशक संजय भसीन ने बताया कि 10 जनवरी से मैक में भित्तीचित्रण कार्यशाला का आयोजन भी किया जा रहा है। जिसमें केयू के ललित कला विभाग के दस विद्यार्थी मैक में बने स्तंभों पर हरियाणवी तथा भारतीय संस्कृति को उकेरेंगे।