अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
तेज धूप और उमस से परेशान आमजन के लिए बाद दोपहर आसमान से राहत की बूंदे बरसीं। मंगलवार को हुई थोड़ी देर की बारिश ने तन और मन दोनों को भिगो दिया। बारिश से जहां किसान खुश हैं। वहीं आमजन ने भी गर्मी से राहत की सांस ली। मंगलवार को अधिकतम तापमान 34.5 एवं न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे पूर्व सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। दोपहर में तेज धूप पड़ी। उमस के चलते लोगों का बुरा हाल हो गया। इसके बाद करीब दो बजे आसमान से बूंदाबांदी शुरू हुई। फिर एकदम से बारिश में तेजी आ गई, जिससे सड़कें पानी से लबालब हो गई। लोग बारिश से बचने के लिए इधर-उधर दौड़ते नजर आए। बारिश से सर्वाधिक परेशानी बस स्टैंड, रेलवे चौक, भाड़ावास गेट एवं अस्पताल के सामने देखी गई। बस स्टैंड परिसर में निर्माण कार्य चलने के कारण यात्रियों को बारिश से बचने के लिए भागना पड़ा। वहीं पानी भरने से यात्रियों को बस तक पहुंचने में भी काफी परेशानी हुई। हालांकि शहरवासियों को सर्वाधिक लाभ सर्कुलर रोड बनने से हुआ है। रोड बनने से पहले यहां पर पानी भर जाता था। जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। लेकिन करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से सर्कुलर रोड बनने के बाद यह समस्या समाप्त हो गई।