शाह के दौरे से प्रदेश की राजनीति में कोई फर्क नहीं : भूपेंद्र सिंह हुड्डा
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के तीन दिवसीय दौरे को उनकी पार्टी का सामान्य दौरा बताया। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश की राजनीति में कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है। सभी अपनी पार्टी के लिए कार्य करते हैं और वह कार्य शाह भी कर रहे हैं। उन्होंने कहा, भाजपा ने अपने तीन साल के कार्यकाल में प्रदेश हित में कोई कार्य नहीं किया। भाजपा ने हरियाणा के तीन साल व्यर्थ कर दिए हैं। यह सरकार बिल्कुल विफल साबित हुई है। भाजपा सरकार सिर्फ झूठा राशन कार्ड देने वाली पार्टी बन कर रह गई है। कांग्रेस सबकी पार्टी है इसमें दलित, मजदूर, ओबीसी, किसान, मजदूर, व्यापारी और कर्मचारी सभी शामिल हैं। पूर्व सीएम ने कहा कि भाजपा के पास अपने कार्य बताने के लिए कोई उपलब्धि नहीं है, इसलिए शाह के दौरे का प्रदेश में कोई फर्क नहीं पडे़गा। उन्होंने कहा, भाजपा नेता राजकुमार सैनी के बारे में जो भाजपा नेता कह रहे हैं, उसके बारे में वह सोचें। राजकुमार सैनी उनकी ही पार्टी के नेता हैं। यदि भाजपा अब तक समझाती तो समझा लेती। अब तक तो राजकुमार सैनी कुछ समझे नहीं हैं। कांग्रेस सिर्फ लोगों के हित की राजनीति करती है जबकि भाजपा का अलग मुद्दा होता है। प्रदेश के अहम मुद्दे एसवाईएल पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला आ चुका है। इसका निर्माण करवाना केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है और उसे यह कराना चाहिए। भाजपा राज में समाज का कोई भी वर्ग खुश नहीं है।