कैंटर से टकराई कार
बौंदकलां।
पुलिस थाने के बाहर सड़क के दोनों तरफ खड़े ओवरलोड डंपर अब हादसों का सबब बन रहे हैं। वीरवार शाम को ओवरटेक के लिए जगह न बचने पर एक सेंट्रो कार सामने से आ रहे कैंटर से जा टकराई। हादसे में किसी को चोटें नहीं आई, हालांकि घटना में कार क्षतिग्रस्त हो गई। गौरतलब है कि पुलिस प्रशासन व आरटीए विभाग ने ओवरलोड डंपरों पर शिकंजा कसने के लिए अभियान चलाया हुआ है। अभियान के दौरान जिलेभर में प्रतिदिनि 35 से 40 डंपर प्रतिदिन इंपाउंड किए जा रहे हैं। बौंद कलां थाने में इंपाउंड किए गए वाहनों को खड़ा करने के लिए पर्याप्त जगह नहीं है। इसलिए पुलिस कर्मचारी थाने के बाद सड़क के दोनों तरफ इंपाउंड डंपरों को खड़े करवा रहे हैं, लेकिन अब ये हादसों का कारण बनने लगे हैं। वीरवार शाम करीब चार बजे एक कार ने एक वाहन से ओवरटेक करना चाहा, लेकिन आगे जगह नहीं होने पर यह सेंट्रो कार सामने से आ रहे कैंटर से टकरा गई। इस बारे में एसएचओ बौन्दकलां शमशेर सिंह मान ने कहा कि जो कार का हादसा हुआ है वह चालक के सामने कोई महिला आने के कारण हुआ था। कार के ब्रेक नहीं लगने के कारण कार कैंटर से टकरा गई। पुलिस के पास थाने में भी इतनी जगह नहीं है कि ट्रकों को खड़ा करवाया जा सकें।