रोहतक। जिला प्रशासन के 10 से 20 प्रतिशत तक कलेक्टर रेट बढ़ाने का प्रस्ताव है, जिस पर आम लोगों ने 10 आपत्ति देकर रेट न बढ़ाने की मांग की है। मंगलवार को डीसी अजय कुमार की अध्यक्षता में मूल्यांकन समिति की बैठक हुई, जिसमें डीआरओ कनब लाकड़ा ने आपत्तियों के साथ सुझाव भी रखे। डीआरओ व तहसीलदार अब आपत्तियों पर मंथन कर रहे हैं। साथ में आपत्ति दर्ज कराने वाले लोगों के तर्क भी सुने जाएंगे। इसके बाद सरकार से हरी झंडी मिलने बाद नए कलेक्टर रेट लागू किए जाएंगे।
राजस्व विभाग ने वर्ष 2022 में कलेक्टर रेट को लेकर वित्त वर्ष एक जनवरी से 31 दिसंबर माना था। हालांकि जनवरी 2023 में नियम बदल दिया। नए कलेक्टर रेट एक जनवरी 2023 से लागू होने थे, लेकिन तय हुआ कि यह कलेक्टर रेट एक अप्रैल 2023 से लागू होंगे, जो 31 मार्च 2024 तक रहेंगे। प्रशासन ने अप्रैल 2024 से एक साल के लिए नए कलेक्टर रेट पर दिसंबर में मंथन किया। उस समय एक जनवरी से नए कलेक्टर रेट लागू करने की बात चल रही थी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। ऐसे में 1 अप्रैल 2024 से नए कलेक्टर रेट लागू होने थे। जिला राजस्व अधिकारी (डीआरओ) की अध्यक्षता में राजस्व विभाग ने मंथन करके 15 मार्च को नए कलेक्टर रेट ऑनलाइन जारी किए हैं, साथ ही 15 अप्रैल तक सुझाव मांगे। इसमें 15 से 20 प्रतिशत कलेक्टर रेट में बढ़ोतरी का प्रस्ताव था। इसी बीच 16 अप्रैल को लोकसभा चुनाव घोषित हो गए, जिसके चलते नए कलेक्टर रेट लागू नहीं हो सके। चुनाव संपन्न हो चुके हैं।
यहां पर बढ़ने हैं 20 प्रतिशत कलेक्टर रेट
राजस्व विभाग की तरफ से साल 2024-25 के संभावित कलेक्टर रेट जारी किए गए हैं। इसमें 15 से 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव रखा गया है। मायना, वन सिटी व ओमैक्स सिटी झज्जर रोड, वन सिटी सेक्टर 37, सेक्टर 13 न्यू बस स्टैंड, सेक्टर 21 काठमंडी, सेक्टर 25, सनसिटी 34, 35, 36ए, शिव कॉलोनी, अनाज मंडी, अशोका मोड़ से आईटीआई, ओमैक्स सिटी, कृपालनगर, गुरुचरणपुरा, गौड़ काॅलेज, घनीपरा, चाणक्यपुरी, चीनी मिल, सुनारिया रोड, छोटूराम चौक से सिविल रोड, जगदीश कॉलोनी, जवाहर नगर, झंग काॅलोनी, झज्जर रोड रेलवे स्टेशन, डीएलएफ कॉलोनी, डेयरी पाना, गोहाना रोड से दयानंद मठ, बाबरा मोहल्ला, चावला कॉलोनी, आर्य नगर व झज्जर रोड पर 20 प्रतिशत कलेक्टर रेट बढ़ सकते हैं।
यहां 10 से 15 प्रतिशत तक रेट बढ़ने का प्रस्ताव
इंदिरा कॉलोनी, सेक्टर 5 व 6, राजीव नगर, कच्चा सिंहपुरा रोड पर 15 तो किला रोड मार्केट व डी पार्क एरिया में 10 प्रतिशत तक कलेक्टर रेट बढ़ने की संभावना है।
आपत्ति दर्ज कराने वालों के सुने जाएंगे तर्क
बैठक में डीआरओ कनब लाकड़ा ने बताया कि कलेक्टर रेट के ड्राफ्ट को 15 मार्च 2024 तक जिले की वेबसाइट पर आमजन के एतराज व सुझाव के लिए ऑनलाइन अपलोड किया गया था। 10 एतराज व सुझाव प्राप्त हुए हैं। समिति ने सुझाव व आपत्तियों पर मंथन किया, जिसमें रेट न बढ़ाने की मांग की गई है। डीसी ने इसके बाद जिला राजस्व अधिकारी व तहसीलदारों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में एडीसी वैशाली सिंह, सहायक आयुक्त अंडर ट्रेनिंग अभिनव सिवाच, महम के एसडीएम दलबीर फोगाट, सांपला के एसडीएम सुभाष चंद्र जून, सीटीएम अंकित कुमार, डीडीपीओ राजपाल चहल, डीआईओ डॉ. जितेंद्र मलिक और तहसीलदार भी मौजूद रहे।
वर्जन
नए कलेक्टर रेट को लेकर डीसी की अध्यक्षता में हुई बैठक में मंथन हुआ, जिसमें प्रस्तावित कलेक्टर रेट को लेकर आए 10 आपत्ति व सुझाव पर मंथन हुआ। अब समिति के सामने आपत्ति व सुझाव देने वालों के तर्क सुने जाएगे। इसके बाद नए कलेक्टर रेट फाइनल कर सरकार के आदेश पर लागू किए जाएंगे। अभी सरकार की तरफ से नए कलेक्टर रेट लागू करने के आदेश नहीं आए हैं।
- कनब लाकड़ा, जिला राजस्व अधिकारी, रोहतक