रोहतक। एक लाख के इनामी गैंगस्टर राजेश भारती उर्फ राजेश कंडेला के भाई के नाम पर आईएमटी स्थित गुजरात की दूध कंपनी के सीनियर सुपरिटेंडेट से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है। इसके लिए व्हाट्सएप से तीन बार कॉल की गई। इस संबंध में आईएमटी थाने में केस दर्ज किया गया है। भारती का पांच साल पहले दिल्ली में एनकाउंटर हो चुका है।
पुलिस को दी शिकायत में यूपी के आंबेडकर नगर के कश्मीरिया टांडा निवासी अनुभव कुमार ने बताया कि वह सेक्टर एक में किराये पर रहता है। साथ ही आईएमटी स्थित अमुल कंपनी के प्लांट में सीनियर सुपरिटेंडेट है। 31 जुलाई को एक बजकर 48 मिनट पर उसके नंबर पर व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल रिसीव करने पर दूसरी तरफ से युवक ने कहा कि वह राजेश भारती का भाई बोल रहा है। उसे 10 लाख की रंगदारी की बात कही। इस पर उसने फोन काट दिया। एक अगस्त की शाम 8 बजकर 40 मिनट पर व्हाट्सएप वाइस कॉल आई। उसने कॉल रिसीव की तो दोबारा 10 लाख रुपये मांगे। मना करने पर कहा कि राजी-खुशी रुपये दे दे, नहीं तो चोट लग जाएगी। फिर 20 लाख देने पड़ेंगे। उसने कंपनी के आला अधिकारियों को बताया। अब बुधवार को करीब 12 बजे फिर उसी नंबर से कॉल आई। कहा कि उसे जल्दी 10 लाख रुपये चाहिए। इसके बाद पीड़ित ने आईएमटी थाने में शिकायत दी।
पांच साल पहले दिल्ली में हुआ था राजेश भारती का एनकाउंटर
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक पांच साल दिल्ली में पुलिस ने चार बदमाशों का एनकाउंटर किया था, जिसमें जींद के कंडेला गांव निवासी राजेश भारती, रोहतक का संजीज बिदरो, गुड़गांव निवासी उमेश डॉन और दिल्ली के घेवरा निवासी वीरेश राणा उर्फ विक्कू शामिल था। राजेश भारती 23 साल से अपराध की दुनिया में सक्रिय रहा। उसने क्रांति गैंग बना रखी थी।
राजेश भारती का पांच साल पहले एनकाउंटर हो चुका है। उसके भाई ने ही 10 लाख की रंगदारी मांगी है या किसी अन्य की शरारत है। इसकी जांच की जा रही है। सीआईए प्रथम व सीआईए द्वितीय की टीमें के लिए छानबीन में जुटी हैं।
एसआई अनेश कुमार, प्रभारी सीआईए प्रथम