रोहतक। नाबालिग से दुष्कर्म केस में वीरवार को मानसरोवर पार्क में राजनीति व सामाजिक संगठनों की पंचायत हुई, जिसमें प्रशासन ने एसआईटी गठित कर निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की। साथ ही प्रशासन को 10 दिन का समय दिया। मांग पूरी न होने पर जाट भवन में महापंचायत करके कठोर फैसला लेने की चेतावनी दी गई। पंचायत में इनेलो नेता नफेसिंह राठी भी पहुंचे। जिले के एक गांव में पिछले सप्ताह घर से स्कूल जा रही नाबालिग लड़की का अपहरण कर दुष्कर्म का मामला सामने आया था। पीड़िता ने गैंगरेप की शिकायत दी, जिसके पुलिस ने कार्रवाई करते हुए होटल संचालक सहित चार आरोपियों को काबू किया था। पीड़िता के परिजन जांच से संतुष्ट नहीं हैं। उनके आह्वान पर वीरवार को मानसरोवर पार्क में पंचायत हुई। पंचायत में तीन मांग तय की गई। सबसे पहले एसआईटी गठित कर निष्पक्ष जांच की जाए। दूसरा फास्ट ट्रैक कोर्ट में केस चलाया जाए, तीसरा लड़की की पहचान उजागर करने वाले पुलिस अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही 11 सदस्यीय कमेटी गठित की गई। 10 दिन में प्रशासन ने मांगों को पूरा नहीं किया तो कमेटी निर्णय लेगी कि जाट भवन में कब पंचायत बुलाकर कठोर कदम उठाया जाए।