पिछले पंद्रह दिनों में चोरों और लुटेरों ने शहर में चोरी और लूट की दस वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस अब तक केवल एक चोरी की वारदात को ट्रेस किया है। ट्रेस वारदात 30 हजार रुपये की कीमत की थी, जबकि लाखाें की चोरी की वारदात अनसुलझी पड़ी हैं।
चोरों ने इलेक्ट्रानिक शोरूम और घराें को निशाना बनाया है। एक वारदात में चालक को बंधक बनाकर उसका वाहन लूटा गया था। कार से नगदी की चोरी के अलावा महिला से चेन स्नैचिंग और दो महिलाओं के पर्स स्नैचिंग की वारदात को चोर अंजाम दे चुके हैं।
19 दिसंबर से पांच जनवरी तक चोरों का आतंक पुलिस के लिए सिरदर्द बन चुका है। वहीं, चोरों ने करीब 80 लाख रुपये की कीमत के समान, जेवरात और नकदी पर हाथ साफ किया है।
अब तक हुई चोरियाें में 19 दिसंबर की रात को मुगल कैनाल स्थित सन इंटरप्राइजिज कंप्यूटर शोरूम का शटर तोड़कर चोरों ने करीब चार लाख रुपये की कीमत के एलईडी और कंप्यूटर का समान चुराया था।
पंद्रह दिन के बीच की वारदात
21 दिसंबर की रात को ही मुगल कैनाल स्थित कंप्यूटर एप्स से 12 लाख का कंप्यूटर का सामान और एलसीडी चोरी हुई।
24 दिसंबर की रात को अर्जुन नगर निवासी कनिका के घर की दीवार फांद कर चोरों ने ढाई लाख रुपए के जेवरात, नकदी व करंसी चुराई।
25 दिसंबर की रात कैथल रोड स्थित पंजाब एंड सिंध बैक के एटीएम को तोड़ने का प्रयास किया गया था। चोर यूपीएस चुराने की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए थे, लेकिन अगले ही दिन पुलिस के हत्थे चढ़ गए थे।
26 दिसंबर को सेक्टर छह व सेक्टर 13 में युवतियों से पर्स स्नैचिंग करने की वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक सवार फरार हो गए थे।
27 दिसंबर को कृष्ण नगर में घर के बाहर धूप में बैठी मोनिका के गले से सोने की चैन स्नैचिंग करने के बाद बाइक सवार फरार हो गए थे।
28 दिसंबर को मोहड़ी के समीप लूटेरे चालक को बंधक बनाकर टाटा ऐस लूट कर फरार हो गए थे।
03 जनवरी को पुरानी जेल के सामने सलारू निवासी चरणजीत की कार से ढाई लाख की नकदी चुराकर बाइक सवार फरार हो गए थे।
04 जनवरी की रात मॉडल टाउन स्थित डिजिटल पैराडाइज में करीब 12 लाख रुपये की चोरी। इसी रात को रमेश नगर से चार लाख के सामान और नकदी चोरी।