पिछले कुछ दिनों से दूध की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, जिससे घरेलू महिलाओं के रसोई का बजट बिगाड़ने लगा है। उनका कहना है कि पिछले 15 दिनों में दूध की कीमतों में दस रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी हो चुकी है।
ऐसे में वह दूध के उपयोग में कटौती करने को मजबूर हैं। वहीं, दुग्ध विक्रेताओं के अनुसार अभी दो माह तक कीमतों में कमी होने के कोई आसार नहीं है।
कुछ दिनों पहले तक जिले के ग्रामीण इलाकों में दूध 30 रुपये प्रति लीटर और शहरी इलाकों में 32 से 34 रुपये प्रति लीटर बिक रहा था, लेकिन गर्मी बढ़ने के साथ ही दूध की कीमतों में जबरदस्त उछाल आया है।
अब यह 40 रुपये प्रति लीटर के हिसाब से बिक रहा है। गृहणी सुषमा का कहना है पहले वह अपनी जरूरतों के हिसाब से दही व लस्सी बना लेती थी, लेकिन पिछले कुछ दिनों से कीमत बढ़ने से उनका मासिक बजट बिगड़ गया है।
इससे हर महीने एक हजार रुपये अतिरिक्त खर्च हो रहे हैं। वहीं, दूध विक्रेता अजय कुमार, दीपक व मानसिंह के अनुसार गर्मी के मौसम में पशु 25 फीसदी कम दूध देते हैं। ऐसे में भाव बढ़ाना उनकी मजबूरी है।
उन्होंने कहा कि अभी दो माह तक इसकी कीमतों में कमी आने की कोई संभावना नहीं है। उनके अनुसार बारिश के बाद ही दूध की कीमतें कम होंगी।