संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिले के सरकारी विद्यालयों में छात्र-छात्राओं में जीवन कौशल विकास, आत्मसम्मान एवं नेतृत्व क्षमता बढ़ाने के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए यूथ और इको क्लब का गठन किया जाएगा। इसके लिए हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से 245 सरकारी विद्यालयों को क्लब के गठन के लिए बजट जारी किया गया है।
सहायक परियोजना संयोजक हेमंत ने बताया कि जिले में 150 उच्च व वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों और 95 मिडिल विद्यालयों में ये क्लब गठित किए जाएंगे। वहीं इसको लेकर उच्च व वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों को 15-15 हजार रुपये एवं मिडिल स्कूलों को 10-10 हजार की राशि प्रदान की गई है। हालांकि विभाग की ओर से क्लबों के गठन के किए गाइडलाइन जारी नहीं की जा सकी है। यूथ एंड इको क्लब स्थापित करने का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना है। इसके लिए स्कूलों में विभिन्न गतिविधियां की जाएंगी। क्लब के गठन से छात्रों में जागरूकता पैदा की जाएगी। प्राकृतिक संसाधनों बचाने के उद्देश्य से इस मंच के जरिये विद्यार्थी अपने अभिभावक, पड़ोस और समुदाय को पर्यावरण व जैव विविधता के प्रति जागरूक करेंगे। साथ ही पर्यावरण गतिविधियों के प्रोजेक्ट बनाने का कार्य करेंगे।
भ्रमण कर प्रकृति पर अध्ययन करेंगे विद्यार्थी
इको क्लब वाले विद्यालय के विद्यार्थी प्रकृति का अध्ययन करेंगे। इसके लिए विद्यार्थियों को विभिन्न भौगोलिक दशाओं वाले स्थानों पर भ्रमण के लिए ले जाया जाएगा। इसमें अरावली पहाड़ी क्षेत्र, मरुस्थल, समुद्री एवं तटीय क्षेत्रों सहित आदि स्थानों पर विद्यार्थी अध्ययन करेंगे। साथ ही इस पर वह प्रोजेक्ट भी तैयार करेंगे।
वर्जन-
जिले के 245 सरकारी विद्यालयों में यूथ और इको क्लब का गठन किया जाएगा। इसके माध्यम से बच्चों का सह शैक्षणिक क्रियाकलापों के माध्यम से जीवन कौशल, नेतृत्व क्षमता का विकास तथा पर्यावरण संरक्षण हेतु सकारात्मक संवेदनशीलता को विकसित किया जाएगा।- मोहिंद्र सिंह खनगवाल, डीपीसी, रेवाड़ी