रेवाड़ी। आखिर क्या भरोसा है जिंदगानी का, आदमी बुलबुला है पानी का...मौत ने एक और जिंदगी निगल ली। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर एक तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी ने सड़क पार करते वक्त युवक को टक्कर मार दी। गाड़ी का टायर शरीर के ऊपर से गुजरने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
बिहार के जिला कटिहार के गांव लुतीमुर निवासी प्रफुल कुमार दास के 5 भाई और दो बहने हैं। प्रफुल कुमार अपने भाई सुभाष कुमार दास (35) के साथ धारूहेड़ा के मालपुरा स्थित एक ऑटो मोबाइल कंपनी में नौकरी करता था। वह गांव कापड़ीवास की महेश कॉलोनी में रहता था। मंगलवार की देर शाम दोनों अपने रूम से खरीदारी करने के लिए निकले थे। मार्केट में सामान लेने जाते वक्त हादसा हो गया। सुभाष कुमार ढाई साल की इकलौती बेटी का पिता था।
हीरो कट पर मारी टक्कर
इस दौरान दिल्ली-जयपुर हाईवे पर हीरो कट के पास सड़क पार करते वक्त एक तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी ने सुभाष कुमार दास को टक्कर मार दी। आरोपी चालक ने गाड़ी को रोकने की बजाय सुभाष के ऊपर से गुजार दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। प्रफुल कुमार ने आरोपी चालक को रोकने की कोशिश भी की, लेकिन आरोपी मौके से भाग गया। हादसे को अंजाम देने वाली पिकअप गाड़ी की पहचान हो गई है। पुलिस रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर चालक की तलाश कर रही है।