संवाद न्यूज एजेंसी
कोसली। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नाहड़ में नई डिजिटल एक्स-रे मशीन लगाने पर लोगों में प्रसन्नता है। अमर उजाला ने 1 मई के अंक में 28 माह से एक्स-रे व सुविधाएं कंडम शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी, जिसमें लोगों को हो रही परेशानियों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया था। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग ने सुध लेते हुए नई मशीन मंगवाई गई है।
दरअसल, सीएचसी नाहड़ में पिछले लगभग ढाई वर्षों से एक्स-रे मशीन खराब पड़ी हुई थी। इलाके के मरीज खासकर महिलाओं को भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा था। उन्हें एक्सरे करवाने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा था जिससे उनका समय तथा धन दोनों बर्बाद हो रहा था। सीएचसी इंचार्ज द्वारा सीएमओ को मौखिक एवं लिखित निवेदन किया गया था। इस पर सीएमओ डॉ. सुरेंद्र यादव ने संज्ञान लेते हुए मैकेनिक कम एक्सपर्ट को मशीन ठीक करने के लिए नाहड़ भेजा गया। मैकेनिक द्वारा मशीन चेक कर बताया गया कि यह पुरानी एवं कंडम हो चुकी है। यह ठीक नहीं हो सकती। इसकी जगह नई मशीन खरीदी जाए। इसके बाद सीएमओ द्वारा नई मशीन खरीदने के लिए हेड ऑफिस को लिखा गया था। सीएमओ के प्रयासों से विभाग द्वार सीएचसी नाहड़ में नई डिजिटल एक्स रे मशीन लगा दी गई है, जिससे इलाके के लोगों को लाभ होगा। बता दें सीएचसी नाहड़ के अंतर्गत 56 गांव तथा चार पीएचसी गुड़ियानी, रतनथल, बव्वा व लिलोढ आते हैं। एक्स-रे मशीन के अभाव में सभी परेशान थे। अब नई डिजिटल एक्स-रे मशीन के लगने से सभी को लाभ होगा।
15 मरीजों के एक्स-रे लिए गए
डॉ. मनीष के निर्देशन में स्टाफ सदस्यों द्वारा प्रसाद बांटकर डिजिटल एक्स-रे मशीन का शुभारंभ किया गया। लगभग 15 मरीजों के एक्स-रे लिए गए। इस अवसर पर डॉ. पंकज यादव रेडियोग्राफर संदीप कुमार फार्मासिस्ट भगत सिंह एलटी राहुल मौजूद रहे।
आमजन एक्स-रे मशीन का लाभ उठाएं
सीएमओ डॉ सुरेंद्र यादव के अथक प्रयासों से सीएचसी नाहड़ में नई डिजिटल एक्स-रे मशीन लग गई है, जिसका सभी को लाभ होगा। अब लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।
डॉ. मनीष, इंचार्ज सीएचसी