रेवाड़ी। शहर के ट्रामा सेंटर में स्थित फिजियोथेरेपी विभाग में सबसे अधिक मरीज कमर दर्द के आ रहे हैं। यहां आने वाले कुल मरीजों में एक तिहाई मरीज कमर दर्द के ही हैं। कमर दर्द की शिकायत लेकर आने वाले मरीजों में अधिकतर महिलाएं हैं। यहां प्रतिदिन कमर दर्द की शिकायत लेकर फिजियोथेरेपी कराने के लिए कुल 40 से 50 मरीज आ रहे हैंं। इसमें पुरुषों की संख्या 10 से 15 है जबकि महिलाओं की संख्या 25 से 30 है। डॉक्टर उन्हें काम करने के तरीके में बदलाव लाने के साथ कई अन्य सावधानी बता रहे हैं। कमर दर्द में फिजियोथेरेपी कराने के लिए आने वाली महिलाओं की उम्र 30 से 55 साल तक है।
फिजियोथेरेपी विभाग की प्रमुख डाॅ. निशा का कहना है कि कमर दर्द से संबंधित मरीजों में 80 फीसदी महिलाएं हैं। जो महिलाएं रसोई में अधिक देर तक खड़े होकर काम कर रही हैं, झुक कर वजन उठा रही हैं, उनको कमर दर्द की शिकायत हो रही है। ऐसी महिलाओं को शरीर का वजन बढ़ने पर कमर पर पड़ने वाले भार के बारे में जानकारी दी जा रही है। शरीर के वजन, हड्डियों के जोड़ों की क्षमता व काम करने के सही तरीके के बीच संतुलन बनाकर कमर दर्द से बचा जा सकता है।
दर्द से राहत के उपाय
1-गर्म पानी से सिंकाई।
2-खाने में कैल्शियम व विटामिन सी की मात्रा बढ़ाएं।
3-हाई हील के सैंडल न पहनें।
4-झुककर कोई भी काम न करें।
5-अधिक देर तक खड़े होकर काम न करें।
6-कुर्सी पर सीधा होकर बैठें।
7-45 मिनट तक बैठने या खड़े रहने के बाद 15 मिनट का ब्रेक लें।
वर्जन:
कमर दर्द के जो मरीज आ रहे हैं, उनमें कई मरीज ऐसे हैं, जो अपनी दिनचर्या व काम करने के तरीके में बदलाव कर इस दर्द से खुद ही छुटकारा पा सकते हैं। मरीजों को दवा के साथ इससे बचने के उपाय बताए जा रहे हैं।
- डॉ. निशा, फिजियोथेरेपी विभाग, ट्रामा सेंटर, रेवाड़ी