कोसली। गांव गुर्जरवास स्थित स्वामी धर्मानंद सरस्वती शांति निकेतन आश्रम में रविवार को मेला व कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें दूर-दूर से पहलवानों ने पहुंच कर प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
1100 रुपये की कुश्ती खानपुर अखाड़ा से आए पहलवान सहदेव व बाघोत से आए कृष्ण के बीच हुई, मुकाबले में सहदेव ने जीत हासिल की। वहीं, 3100 रुपये की कुश्ती अजय सोनीपत व हरीश के बीच में हुई। अजय ने जीत दर्ज कर वाहवाही लूटी। इसके अलावा 5100 रुपये की सबसे बड़ी कुश्ती अमित बाघोत व मडडू अखाड़ा बहू के पहलवान नवीन के बीच हुई। यह मुकाबला बराबरी पर छूटा।
गांव के सरपंच कृष्ण कुमार तथा बाबा धर्मानंद सरस्वती शांति निकेतन कमेटी के हरीश, महावीर दायमा, सुंदर सिंह, अनिल, रिंकू ने बताया कि वर्षों से शिवरात्रि के बाद सावन मास की अमावस्या को धाम पर मेले के साथ-साथ कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है।
कुश्ती के इंचार्ज जिले सिंह, धर्मबीर, महावीर बिसोहा ने बताया कि मेले के अवसर पर ओपन कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें बाघोत, खुड्डन, सोनीपत, दिल्ली आदि अखाड़ों से सैकड़ों पहलवानों ने पहुंच कर ओपन दंगल में भाग लिया। मेले में विभिन्न गांवों से आई महिलाओं ने जहां बाबा के दरबार में मत्था टेक कर मन्नत मांगी। वहीं, बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने कुश्ती का आनंद लिया।
इस अवसर पर अधिवक्ता गुरदयाल सिंह, जिले सिंह, धर्मवीर, अन्तराम नम्बरदार, सुरेश बाबू लूखी व महेंद्र सिंह सहित सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।