रेवाड़ी। गुरुग्राम में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कोसली विधायक लक्ष्मण सिंह यादव क्षेत्र के हजारों कार्यकर्ताओं, समर्थकों व लोगों के साथ रवाना हुए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा भारतमाता की जयकारों के नारों के साथ सभी रोडवेज बसों के अलावा अपने निजी वाहनों से भी गुरुग्राम पहुंचे। कोसली विधानसभा क्षेत्रों से गुरुग्राम जाने के लिए अलग-अलग खंडों के वाहन विभिन्न स्थानों पर एकत्रित हुए। वहां से सभी एकजुट होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम के लिए रवाना हुए। कोसली विधायक रोडवेज बसों के काफिलों के साथ सैकड़ों कार्यकर्ताओं व समर्थकों सहित गुरुग्राम पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा भारत माता की जयकारों के साथ रवाना हुए कार्यकर्ताओं का जोश देखते ही बनता था। इस मौके पर कोसली विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि देश के विकास पुरुष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हरियाणा पर विशेष कृपा बरस रही है। पिछले दिनों ही उन्होंने दक्षिण हरियाणा को अब तक की सबसे बड़ी एम्स की सौगात दी थी। अब गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेस का उद्घाटन कर देश को समर्पित किया। इस द्वारका एक्सप्रेस के तैयार होने से यातायात काफी सुगम हो जाएगा तथा दिल्ली तक पहुंचने का रास्ता और भी कम समय में तय किया जा सकेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का रुतबा पूरी दुनिया में कई गुणा बढ़ा है। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेताओं में भी शीर्ष पर पहुंच गए हैं। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रीतम चौहान, नाहड़ ब्लॉक समिति चेयरमैन दुष्यंत यादव, डीएम यादव, रणबीर कुहारड़ समेत काफी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता तथा हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे।