संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। शहर के राजकीय कर्मचारी कॉलोनी में रविवार को महिलाओं ने आस्था और उत्साह के साथ शुभ मुहूर्त में होलिका पूजन पूजन किया। होलिका पूजन करने जाते समय लोकगीत व होली के रसिया गीत गाए।
घर-घर से निकलीं महिलाएं होलिका पूजन स्थल पर एकत्रित हुईं और परंपरागत तरीके से होलिका का पूजन किया। महिलाओं के हाथों में गोबर से बने हुए बिडकलों की माला, नारियल व अन्य पूजा का सामान था। महिलाओं ने लोक गीत गाते हुए होलिका की परिक्रमा की और पूजन करते समय होलिका व भक्त प्रह्लाद को याद किया। मंदिरों में भी पूजा अर्चना की गई। यहां पर महिलाओं ने होलिका मैया को अर्घ्य दिया। साथ ही विधि विधान से पूजा अर्चना की। देवी देवताओं की प्रतिमाओं को भी रंग गुलाल लगाया गया। सुबह से ही होली पूजन करते हुए महिलाओं का तांता लगा रहा। महिलाओं ने व्रत रखा और हल्दी, गुड़, जौ की बाली और गोबर से बनी हुई बुरकली लेकर श्रीकृष्णा मंदिर के सामने बनाई गई होलिका का पूजन किया। इस अवसर पर जन चेतना फाउंडेशन की प्रधान अनिता यादव, ममता यादव, सोनू यादव, माया, चंचल, कमलेश, सरोज, सरिता, मुकेश यादव आदि अन्य महिलाएं उपस्थित थीं।